608 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ तस्कर गिरफ्तार

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / बादल गोस्वामी,
देहरादून। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर क्षेत्र से 608 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी राजू शाह (35) निवासी संस्कृति लोक बिहार कॉलोनी, हरिद्वार रोड को महाराणा प्रताप चौक के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़कर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह कैप्सूल सहारनपुर से लाया था और उन्हें छात्रों, नशे के आदी लोगों तथा स्थानीय पैडलरों को बेचकर अवैध मुनाफा कमाने की योजना बना रहा था। पुलिस मामले की जांच कर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
