बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस ने की बीकेटीसी अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में गोदियाल ने दावा किया कि मामले के दूसरे आरोपी राजेंद्र चौहान के कथित खुलासे में कहा गया है कि उन्हें आदेश प्रमोद नौटियाल से मिलते थे और नौटियाल को ठज्ञज्ब् अध्यक्ष से निर्देश प्राप्त होते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं, बल्कि सुनियोजित भ्रष्टाचार का हिस्सा है।
गोदियाल ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान बद्रीनाथ के चढ़ावे के धन और राशन का राजनीतिक लाभ के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। कांग्रेस ने पूरे प्रकरण की जांच किसी उच्च स्तरीय समिति से कराने की मांग की है, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश द्वारा की जाए।
