भव्य समारोह में व्यापार सभा के महासचिव छवि अग्रवाल और कोषाध्यक्ष पंकज नेगी ने ली शपथ

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
श्रीनगर। श्रीनगर व्यापार सभा के नवनिर्वाचित महासचिव छवि अग्रवाल और कोषाध्यक्ष पंकज नेगी ने शनिवार को व्यापार सभा भवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। जिला अध्यक्ष व्यापार सभा वासुदेव कंडारी ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। समारोह में श्रीनगर के वरिष्ठ एवं सम्मानित व्यापारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। शपथ ग्रहण के साथ ही दोनों पदाधिकारियों ने व्यापारियों के हितों की रक्षा संगठन को मजबूत बनाने और स्थानीय व्यापार को नई दिशा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सनातन संस्कृति की गरिमामयी परंपरा के अनुरूप हुआ। संस्कृत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना गणेश वंदना और स्वस्ति वाचन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। उपस्थित व्यापारियों और अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आयोजन की भव्यता की प्रशंसा की। शपथ ग्रहण के बाद महासचिव छवि अग्रवाल और कोषाध्यक्ष पंकज नेगी ने कहा कि व्यापार सभा को पूरी तरह राजनीति से दूर रखते हुए केवल व्यापारियों के हितों के लिए कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नगर निगम और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा तथा श्रीनगर के व्यापार को नई गति देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही व्यापार सभा की सबसे बड़ी ताकत है। सभी व्यापारियों को साथ लेकर पारदर्शी सकारात्मक और विकासोन्मुख कार्यशैली अपनाई जाएगी ताकि स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिले और व्यापारियों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सके। समारोह के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने नवनिर्वाचित महासचिव छवि अग्रवाल और कोषाध्यक्ष पंकज नेगी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा व्यापारिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करने की अपेक्षा जताई। पूरे आयोजन में उत्साह सौहार्द और उत्सव का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी दोनों पदाधिकारियों के निर्वाचन और शपथ ग्रहण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर राज्य सरकार नगर निगम और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने से व्यापारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा। उनका मानना है कि सहयोग और संवाद की भावना के साथ कार्य करने से श्रीनगर के व्यापारिक विकास को नई दिशा मिलेगी और व्यापारियों का संगठन पहले से अधिक मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!