फर्जी आईपीएस बनकर लाखों की ठगी करने वाला शातिर चढ़ा पुलिस के हत्थे

देहरादून। दून पुलिस ने खुद को आईपीएस अधिकारी और विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में थाना राजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आर. यशोवर्धन (35) को मसूरी रोड स्थित सीएसआई तिराहे से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, विजिटिंग कार्ड, पुलिस और सेना की वर्दियां, लोगो, वायरलेस सेट तथा लैपटॉप बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने दो अलग-अलग मामलों में खुद को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बताकर नौकरी दिलाने, कंपनी का पंजीकरण कराने और प्रभाव का इस्तेमाल करने का झांसा देकर करीब 19.60 लाख रुपये की ठगी की थी। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पिता एक वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और वह स्वयं यूपीएससी की तैयारी करता रहा, लेकिन असफल रहने के बाद उसने फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को ठगना शुरू कर दिया।
आरोपी कभी खुद को आईपीएस अधिकारी, तो कभी रॉ एजेंट, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी या सीआरपीएफ अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। पुलिस जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से कई लोगों को नौकरी, टेंडर और अन्य कार्य जल्दी कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी करता आ रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य मामलों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।
