लम्बगांव चोरीकांड का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद


टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में चलाए जा रहे ’’ऑपरेशन प्रहार’’ के तहत लम्बगांव पुलिस ने जनपदीय सीआईयू टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का सफल खुलासा कर दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार चोरी की घटना दर्ज होने के बाद टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच तेज की। कार्रवाई के दौरान 15 जुलाई को थाना लम्बगांव क्षेत्र के कोडार तिराहे के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मवीर निवासी यमुनानगर (हरियाणा) हाल निवासी पौड़ी गढ़वाल तथा अजय कुमार निवासी भटिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात नोज पिन, तीन जोड़ी पायजेब और छह जोड़ी बिछुए बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, अपर उपनिरीक्षक आनंद सिंह रावत, कांस्टेबल अमजद खान, कांस्टेबल सचिन तथा जनपदीय सीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टिहरी पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!