पैनेसिया अस्पताल चोरी कांड का 24 घंटे में खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित पैनेसिया अस्पताल में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने अस्पताल में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
13 जुलाई को अस्पताल प्रतिनिधि रणवीर सिंह की तहरीर पर नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और क्षेत्र में सघन चेकिंग के आधार पर 14 जुलाई को विधानसभा मार्ग स्थित एक खंडहर भवन में दबिश देकर शुभम उर्फ शिबू, सोहेल, कुलदीप, सरीक उर्फ बोना और सलमान को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो एलईडी टीवी, 17 स्टील की टोटियां, 13 स्टील एंगल कॉक/वाल्व, दो पीतल की टोटियां, 10 फायर सप्लाई नॉन-रिटर्न वाल्व, विद्युत तार, तांबे की वायर और एसी के तांबे के पाइप बरामद किए। अस्पताल प्रबंधन ने बरामद सामान की पहचान कर ली है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का सामान कबाड़ी को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!