कांवड़ मेला तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर तथा नमामि गंगे घाट सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग की स्थिति, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाया जाए। जहां भी मरम्मत एवं निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने भीड़ एवं यातायात प्रबंधन को मेले की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था और सूचना संकेतक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी कार्य 25 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा सहित पुलिस, प्रशासन एवं एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, होटलों-ढाबों का निरीक्षण
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। विभाग की दो टीमों ने बहादराबाददृकलियर कांवड़ पटरी मार्ग, भूपतवाला एवं दूधाधारी चौक क्षेत्र में होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों, अस्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर कार्रवाई की गई। कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए तथा छह खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर किए गए। विभाग ने कारोबारियों को स्वच्छता और मानकों के पालन के निर्देश दिए।
