दैनिक श्रमिकों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू

विकासनगर। भूमि संरक्षण वन प्रभाग, कालसी के दैनिक श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। श्रमिकों का कहना है कि वेतन भुगतान, सेवा बहाली और नियमित मानदेय सहित कई मांगों को लेकर विभाग एवं शासन को पूर्व में कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
श्रमिकों ने लंबित वेतन का भुगतान, हटाए गए कर्मियों की पुनर्नियुक्ति, हर माह नियमित मानदेय और उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुरूप न्यूनतम 18 हजार मानदेय लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है। मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई है।
