कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर डीएम मयूर दीक्षित ने की समीक्षा, दिए निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मेले से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं एवं विभागीय तैयारियों की विस्तृत जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, एंबुलेंस, अग्निशमन, खाद्य सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं भोजनालयों में खाद्य पदार्थों एवं सेवाओं की रेट लिस्ट प्रमुख स्थानों पर अनिवार्य रूप से चस्पा कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं से निर्धारित दरों से अधिक मूल्य न वसूला जा सके। डीएम ने सिंचाई विभाग एवं जिला पंचायत को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों, सड़कों एवं पटरी मार्गों पर गड्ढों का तत्काल भराव कराया जाए तथा मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की साफ-सफाई एवं छंटाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने घाटों की मरम्मत, सुरक्षा चेन की स्थापना, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को कांवड़ मेला शुरू होने से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कमियों का तत्काल समाधान करने एवं व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं ब्लॉक एवं तहसील स्तर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।

25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं करें पूर्ण
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सभी विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले से संबंधित निर्माण, मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं 25 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कांवड़ क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में भागीरथी होटल से सीसीआर तक अभियान चलाकर 35 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।
