जनता मिलन में सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, घरेलू हिंसा, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न मामलों की कुल 176 शिकायतें दर्ज हुईं।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। बुजुर्गों और महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र, पुल निर्माण, पेयजल और सिंचाई योजनाओं से जुड़े जनहित के मामलों में भी अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में 100 शिकायतें दर्ज, 55 का मौके पर निस्तारण
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 100 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 55 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान के लिए भेजा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर हरित हरिद्वार अभियान के तहत फरियादियों और मीडिया कर्मियों को फलदार पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 14 नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। गोपेश्वर में नाले की मरम्मत, ज्योतिर्मठ में भू-धंसाव, मोटर मार्ग निर्माण, रोजगार, आवास एवं अनाथ बच्चों की शिक्षा से जुड़ी समस्याओं पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

24 माह का बकाया मानदेय मिला, समस्याओं के समाधान के निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में एक दर्जन से अधिक शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पेयजल, भूमि मुआवजा, भुगतान और अन्य समस्याएं उठाई गईं। चौबट्टाखाल पम्पिंग योजना के अंतर्गत 24 माह से लंबित मानदेय की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को 30 हजार रुपये का बकाया भुगतान कराया गया। जिलाधिकारी ने पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए जल संस्थान अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर कार्रवाई के निर्देश दिए।

टिहरी डीएम ने जनता मिलन में सुनीं 82 शिकायते
टिहरी। जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 82 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए एक माह से अधिक पुराने प्रकरणों के शीघ्र समाधान को कहा। मानसून को देखते हुए अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और आपदा से निपटने की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन में 17 शिकायतें दर्ज
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 17 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, क्षतिग्रस्त पुस्ते, मुआवजा और आवास से जुड़ी समस्याएं रखीं।
