एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के मामलों की समीक्षा

देहरादून। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के निदेशक उत्तम प्रकाश ने विकास भवन सभागार में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने लंबित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए पीड़ितों को समयबद्ध न्याय एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपॉकर घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक जितेन्द्र चौधरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। निदेशक ने निर्देश दिए कि अधिनियम के तहत लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा 60 दिनों से अधिक लंबित पुलिस जांचों को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने परगना स्तर पर सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समितियों का गठन, भूमि संबंधी मामलों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा पीड़ितों को आर्थिक सहायता का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अधिनियम के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें।
