एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाला युवक गिरफ्तार, नशे की पूर्ति के लिए वारदात को था अंजाम

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रेमनगर पुलिस ने एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आला-नकब, एक अवैध चाकू और घटना के समय पहना गया रेनकोट बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 की रात बैंक ऑफ महाराष्ट्र की निगरानी टीम ने थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना दी कि प्रेमनगर स्थित एटीएम में एक व्यक्ति चोरी का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एटीएम के अंदर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास से अवैध चाकू और एटीएम मशीन तोड़ने में प्रयुक्त आला-नकब बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ’’सुमित थापा (22 वर्ष) पुत्र श्याम सिंह थापा, निवासी प्रेमनगर, देहरादून’’ बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चोरी की नीयत से एटीएम में घुसा था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओला टैक्सी चालक है और नशे का आदी है। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने एटीएम तोड़कर नकदी चोरी करने की योजना बनाई थी। आरोपी ने इससे पहले आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को भी तोड़ने का प्रयास करने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास एवं अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जैनेंद्र सिंह, कांस्टेबल कैलाश, राजेश एवं दिनेश शामिल रहे।
