चिकित्सा ज्योतिष संगोष्ठी में आयुर्वेद और ज्योतिष के समन्वय पर हुआ मंथन

श्रीनगर गढ़वाल। बीरचंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्वेदिक शोध संस्थान में हिमालय ज्योतिष संरक्षण एवं विकास परिषद के तत्वावधान में चिकित्सा ज्योतिष विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सा विज्ञान और ज्योतिष के पारस्परिक संबंधों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।
परिषद अध्यक्ष आचार्य भाष्करानन्द अणथ्वाल, प्रो. रामानन्द गैरोला एवं डॉ. प्रकाश चमोली ने चिकित्सा ज्योतिष के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए रोगों की प्रवृत्ति, शरीर के अंगों और ग्रहों के संबंधों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि आयुर्वेद, योग और पारंपरिक ज्ञान के समन्वय से रोगियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोबल को बेहतर बनाया जा सकता है। डॉ. प्रकाश चमोली ने ब्रह्मांडीय गतिविधियों और मानव शरीर के संबंधों पर विचार रखे, जबकि प्रो. गैरोला ने राशियों के आधार पर शरीर के विभिन्न अंगों की व्याख्या की। संस्थान के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पारंपरिक ज्ञान और चिकित्सा विज्ञान पर सार्थक संवाद को बढ़ावा मिलता है।
