शहीदों के सम्मान से जुड़े लंबित मामलों का 10 दिन में करें निस्तारण

पौड़ी। शहीदों के सम्मान से जुड़े मामलों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने शहीदों के नाम पर स्मृतिद्वार निर्माण और मोटर मार्गों के नामकरण से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के स्मृतिद्वार, गौरव सेनानी मार्गों सहित अन्य लंबित प्रस्तावों को नियमानुसार तैयार कर शीघ्र जिला कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिला सैनिक कल्याण अधिकारी पौड़ी लैंसडाउन और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस विभाग की सड़क है, उसी विभाग की भूमि पर स्मृतिद्वार निर्माण की प्रक्रिया अपनाई जाए, जिससे भूमि हस्तांतरण जैसी औपचारिकताओं में समय व्यर्थ न हो और कार्य जल्द पूरा किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में एनओसी प्राप्त हो चुकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कर सैनिक कल्याण विभाग को भेजा जाए। वहीं लंबित मामलों में संबंधित विभाग तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने सैनिक कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग और सभी उपजिलाधिकारियों को सभी लंबित मामलों का ’’10 दिनों के भीतर निस्तारण’’ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अपर जिलाधिकारी को 10 दिन बाद पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति की जांच करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एल.पी. भट्ट, लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रीना नेगी, अपर सैनिक कल्याण अधिकारी सत्यपाल सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
