युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए तैयार होगी समेकित कार्ययोजना


चमोली। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बुधवार को ’’मेरा युवा भारत’’ की जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए युवाओं के कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता, स्वयंसेवा, रोजगार, खेल और नवाचार को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उन्हें विकास कार्यक्रमों का सक्रिय भागीदार बनाना है। उन्होंने सभी विभागों को युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में जिला युवा अधिकारी ने योजना के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से युवाओं को नेतृत्व विकास, कौशल उन्नयन, सामाजिक नवाचार, उद्यमिता और सामुदायिक सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस दौरान युवाओं के लिए आजीविका, स्वरोजगार, शिक्षा, खेल और रोजगार से जुड़े अवसरों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!