राम मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर में दान चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने रखा उपवास


विकासनगर। अयोध्या राम मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर में दान की चोरी के आरोपों को लेकर बुधवार को विकासनगर कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से बाबूगढ़ स्थित प्रसिद्ध राम मंदिर में उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिंदू धर्म के प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे और दान की चोरी के मामले सामने आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि अयोध्या स्थित नवनिर्मित राम मंदिर में सोने, चांदी और दान से जुड़ी अनियमितताओं के आरोपों के साथ ही उत्तराखंड के केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिरों में भी चोरी के प्रकरण सामने आए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। जिला अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं है और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। शहर अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि सनातन धर्म से जुड़े मंदिरों में इस तरह के मामले सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यदि ऐसी घटनाएं होती हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विकास शर्मा ने किया। इस अवसर पर संजय जैन, अभिनव ठाकुर, विपुल जैन, आशीष पुंडीर, सुरेंद्र शर्मा, राजीव शर्मा, पिंकी रोहिल्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!