विश्व जूनोटिक रोग दिवस पर निकाली जागरूकता रैली

श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में विश्व जूनोटिक रोग दिवस के अवसर पर एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं ने जन-जागरूकता रैली निकालकर पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले संक्रामक रोगों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस वर्ष की थीम ’’सामुदायिक सहभागिता से जूनोटिक रोगों की रोकथाम’’ रही। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना के निर्देशन में माइक्रोबायोलॉजी एवं कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता, पशुओं के नियमित टीकाकरण, सुरक्षित रखरखाव और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि श्वन हेल्थश् की अवधारणा अपनाकर तथा जनसहभागिता बढ़ाकर जूनोटिक रोगों की प्रभावी रोकथाम संभव है। कार्यक्रम में संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान
पौड़ी। विश्व जूनोसिस दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग पौड़ी ने जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। लोगों को पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले जूनोटिक रोगों के कारण, लक्षण, बचाव और रोकथाम की जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि रैबीज, बर्ड फ्लू, स्वाइन फ्लू, निपाह वायरस और कोविड-19 जैसी बीमारियां संक्रमित पशुओं के संपर्क, दूषित भोजन या कीटों के माध्यम से फैल सकती हैं।
