सेवा पखवाड़ा: गांव-गांव पहुंचा सुशासन, हजारों लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

देहरादून/चमोली/टिहरी/उत्तरकाशी

496 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
चमोली। सेवा पखवाड़े के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से कुल ’’496 लाभार्थियों’’ को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कृषि, उद्यान, उद्योग, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, ग्राम्य विकास सहित कई विभागों ने पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र एवं सहायता सामग्री वितरित की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

18 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का किया शिलान्यास
पौड़ी गढ़वाल। सेवा पखवाड़े के तहत कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर ’’18 करोड़ रुपये से अधिक’’ की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने मोटर मार्गों के डामरीकरण, सुधारीकरण तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत नई सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी और पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी।

प्रभारी मंत्री ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
नई टिहरी। सेवा पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर बौराड़ी नगर पालिका परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पर्यटन, शिक्षा सहित कई विभागों ने लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।

गोपेश्वर में लगा वृहद स्वास्थ्य शिविर
चमोली। सेवा पखवाड़े के तहत जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क परामर्श दिया। रक्तचाप, मधुमेह, पैथोलॉजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

लाभार्थियों को वितरित की किट
चमोली। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत शनिवार को गोपेश्वर में सेवा पखवाड़े में विधायक भूपाल राम टम्टा ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने छह महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, कृषि विभाग ने किसानों को कृषि मिनी किट तथा पशुपालन विभाग ने दुग्धारू पशुओं के लिए फीड सप्लीमेंट प्रदान किए।
जन-जन तक पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि में आयोजित सेवा पखवाड़े का शुभारंभ केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने किया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, पर्यटन, स्वरोजगार और सामाजिक योजनाओं की जानकारी दी। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान पूरे जनपद में ऐसे शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

स्वास्थ्य शिविर में 207 मरीजों की जांच
रुद्रप्रयाग। सेवा सप्ताह के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के पहले दिन 207 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में बाल रोग, ईएनटी, नेत्र एवं फिजीशियन विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण किया। अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, ईसीजी और रक्त जांच सहित 138 विभिन्न जांचें भी की गईं। साथ ही आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड बनाए गए।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी सहित जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया। विभिन्न विभागों ने विकास प्रदर्शनी और जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए। पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण तथा किसानों और पशुपालकों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि सेवा पखवाड़ा गांव-गांव तक प्रशासन पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
मिनी मैराथन में सचिन और दिव्या रहे विजेता
रुद्रप्रयाग। सेवा सप्ताह के अंतर्गत अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम में मिनी मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालक वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ में सचिन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग की 1.5 किलोमीटर दौड़ में दिव्या विजेता रहीं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर सभी खिलाड़ियों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई गई।

मिनी मैराथन में दौड़े 270 खिलाड़ी
टिहरी। सेवा, सुशासन और समर्पण अभियान के तहत पूर्णानंद खेल मैदान में मिनी मैराथन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में अंडर-16 और ओपन वर्ग में कुल 270 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि चन्द्रवीर पोखरियाल एवं विशिष्ट अतिथि गजेंद्र राणा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
किसानों और महिलाओं को मिला योजनाओं का लाभ
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए गए। मंत्री ने किसानों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को लाखों रुपये के चेक एवं सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों, प्रगतिशील किसानों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
