जीएसटी ने किया ’’एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार’’ की अवधारणा को साकार: जावलकर

देहरादून। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) आयुक्तालय, देहरादून ने जीएसटी के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आईआरडीटी सभागार में सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत थीम के साथ जीएसटी दिवस-2026 मनाया। कार्यक्रम में जीएसटी को देश की कर प्रणाली को सरल, पारदर्शी और करदाता-अनुकूल बनाने वाला ऐतिहासिक सुधार बताया गया।
मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड शासन के सचिव (वित्त) दिलीप जावलकर ने कहा कि जीएसटी ने एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार की अवधारणा को साकार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरलीकरण एवं समाधान के विजन का उल्लेख करते हुए करदाताओं और कर प्रशासन के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
सीजीएसटी आयुक्त डॉ. अशोक कुमार पाण्डे ने केंद्र एवं राज्य जीएसटी प्रशासन के बेहतर समन्वय और स्वैच्छिक कर अनुपालन में करदाताओं की भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम में जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने अपील प्रक्रिया की जानकारी भी दी। उत्कृष्ट कर अनुपालन एवं राजस्व संवर्धन में योगदान के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (रुड़की), नेस्ले इंडिया लिमिटेड (रुद्रपुर) और भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (हरिद्वार) को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुए कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
