क्रिकेट मैच के माध्यम से दिया युवाओं को नशामुक्त जीवन का संदेश

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। नशा मुक्त भारत अभियान सप्ताह के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में समाज कल्याण विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें खेलों के माध्यम से सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना था।
सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी और टिहरी टाइगर्स के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए अनिरुद्ध राणा को श्मैन ऑफ द मैचश् चुना गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही सभी खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी मयंक थपलियाल, आकाश श्रीवास्तव, शशि कुमार, चन्द्रमोहन राणा सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
