ऋषिकुल मैदान में बनेगा भव्य मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान


हरिद्वार।मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं के अंतर्गत हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में भव्य ‘मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान’ की स्थापना की जाएगी। यह संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, योग, ज्योतिष एवं प्राच्य विद्याओं के संरक्षण और शोध का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इस परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आर.के. सुधांशु ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ऋषिकुल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रस्तावित भूमि एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद एचआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में परियोजना की विस्तृत रूपरेखा, भूमि उपयोग, चारदीवारी, आधारभूत संरचना, पार्किंग एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग एक सप्ताह के भीतर अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करें। परियोजना के सुचारु क्रियान्वयन के लिए सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल को राज्य स्तर पर तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान योग, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, भारतीय कला, दर्शन एवं वैदिक अध्ययन जैसे विषयों के शोध और प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जिससे भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। बैठक में संस्थान की विस्तृत कार्ययोजना का पीपीटी प्रस्तुतीकरण भी किया गया। इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!