जिला पंचायत बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

चमोली। जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में पर्यटन, कृषि, उद्यान, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, विद्युत, समाज कल्याण, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, वन और आपदा प्रबंधन विभागों की प्रगति पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत स्तर पर कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी बनाने तथा इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को कूड़ा संग्रहण वाहनों का रूट प्लान तैयार कर वैज्ञानिक ढंग से संचालन करने, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और कम्पेक्टर मशीनों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम पंचायतों की वित्तीय व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उपलब्ध धनराशि के पारदर्शी और दक्ष उपयोग, आय-व्यय की नियमित निगरानी तथा डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
