औचक छापेमारी में बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर बंद, तीन होटलों पर चालानी कार्रवाई

श्रीनगर। मकुमठ क्षेत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश के मार्गदर्शन तथा सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग द्वारा औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान में मेडिकल स्टोरों, होटलों और रिसॉर्ट्स की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, भंडारण प्रणाली, औषधि सुरक्षा मानकों तथा अभिलेखों की गहन पड़ताल की गई।
जांच में एक मेडिकल स्टोर बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाया गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे बंद करा दिया गया तथा वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसी दौरान कुछ होटलों एवं रिसॉर्ट्स में स्वच्छता व खाद्य भंडारण में कमियां मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। दो खाद्य नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि तीन होटल संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई। सचिव पायल सिंह ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
