जिन लोगों ने प्रभु श्रीराम को नहीं छोड़ा, वे देश को क्या छोड़ेंगे: आलोक शर्मा

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / बेनीराम उनियाल,
देहरादून। राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय प्रबंधन में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “जिन लोगों ने प्रभु श्रीराम को नहीं छोड़ा, वे देश को क्या छोड़ेंगे।”
आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने श्रीराम के नाम पर जनभावनाओं का लाभ उठाकर सत्ता हासिल की और अब उसी आस्था से जुड़े संसाधनों के दुरुपयोग के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर उपलब्धि का श्रेय लेते हैं, इसलिए इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी भी सरकार पर बनती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की एसआईटी जांच पर सवाल उठाते हुए इसे वास्तविक दोषियों को बचाने का प्रयास बताया।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों ने भी अनियमितताओं की ओर संकेत किया है तथा पूर्व में भूमि खरीद और निर्माण कार्यों में भी सवाल उठ चुके हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए श्रीराम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने, कथित दोषियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने, बैंक खातों और सीसीटीवी फुटेज को सार्वजनिक करने तथा उच्च न्यायालय या सर्वाेच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की मांग की। प्रेस वार्ता में कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
