शांति भंग की आशंका पर दिल्ली के दो युवक गिरफ्तार

श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में श्रीनगर पुलिस ने डूंगरीपंथ वन विभाग चेक पोस्ट के पास शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के चलते दो युवकों को गिरफ्तार किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हंगामे और अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान आयुष कुमार और मोहम्मद जैद, निवासी जैतपुर (नई दिल्ली), उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की बाइक भी सीज कर दी है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
