डीपीएस रानीपुर में धूमधाम से मनाया गया 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में 1000 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा विशिष्ट अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने सभी माननीय अतिथियों का स्वागत करते हुए योग की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा सभी को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया।
आदेश चौहान ने कहा कि सभी को प्रतिदिन योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्रप्रेम एवं सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीना चाहिए।
मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का गौरवशाली इतिहास हजारों वर्षों पुराना है तथा योग की परंपरा महर्षि पतंजलि से प्रारम्भ होकर भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग रही है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। आज योग केवल भारत ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का सबसे सरल, प्रभावी एवं सुलभ माध्यम बन चुका है।
इस अवसर पर प्रख्यात योगाचार्य योगी रजनीश एवं योगाचार्य मोहन जी ने उपस्थित प्रतिभागियों को योग की आधारभूत जानकारी प्रदान करते हुए विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!