रुड़की-दल्लावाला बस सेवा का शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी राहत


हरिद्वार/लक्सर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग बुधवार को पूरी हो गई, जब रुड़की से दल्लावाला तक नई रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ किया गया। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
यह बस सेवा रुड़की, ढंढेरा, लंढोरा और लक्सर क्षेत्र से जुड़े दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। लंबे समय से स्थानीय लोग इस मार्ग पर नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। शुभारंभ के बाद परिवहन मंत्री और विधायक स्वयं बस में सवार होकर मिलिट्री चौराहे तक पहुंचे तथा यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक सुलभ और बेहतर परिवहन सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा जनता की जरूरतों के अनुसार परिवहन सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विधायक उमेश कुमार ने कहा कि यह बस सेवा क्षेत्र के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और ग्रामीण यात्रियों को प्रतिदिन आवागमन में सुविधा मिलेगी। बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!