जिलाधिकारी ने ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा कर आय बढ़ाने पर दिया जोर

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकास भवन सभागार में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में ग्रामीण विकास, एनआरएलएम, उद्यान, पशुपालन और आंगनबाड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर महिलाओं, किसानों और युवाओं की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अनुपयोगी सरकारी भवनों का उपयोग कोल्ड स्टोरेज, प्रशिक्षण केंद्र और विपणन केंद्र के रूप में किया जाए, ताकि आजीविका के नए अवसर सृजित हो सकें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन से जोड़ने पर जोर दिया। डेयरी, मशरूम, सब्जी उत्पादन और फल संरक्षण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश देते हुए उन्होंने डेयरी क्लस्टर विकसित करने और चारा विकास कार्यक्रम चलाने को कहा। साथ ही लखपति दीदी योजना की वास्तविक आय का मूल्यांकन करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने हिलांस आउटलेट के माध्यम से स्थानीय उत्पादों के विपणन और चारधाम यात्रा में स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे
