फार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी लाने के निर्देश, अधिक किसानों के पंजीकरण पर जोर

टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को अभियान में तेजी लाते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके लिए जनपद में अधिक शिविर लगाने, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) को सक्रिय करने तथा किसानों को स्वयं पंजीकरण के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर किसानों को इसके लाभों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए। साथ ही विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक किसानों को अभियान से जोड़ने को कहा।
