चारधाम यात्रा में यातायात व्यवस्था होगी और सुदृढ़, ओवरस्पीडिंग पर सख्त नजर

चमोली। चारधाम यात्रा और आगामी मानसून सीजन को लेकर चमोली में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर पर्याप्त ईंधन उपलब्धता सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थलों पर अनाधिकृत पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस विभाग और एआरटीओ को ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा बाइक सवार यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने तथा बद्रीनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर स्वच्छता एवं शौचालय व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया।
