डेंगू नियंत्रण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, फॉगिंग और स्वच्छता पर जोर

पौड़ी। डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में रोकथाम उपायों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग, साफ-सफाई और जनजागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। नगर पालिका पौड़ी, नगर निगम श्रीनगर, कोटद्वार और लक्ष्मणझूला जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने विद्यालयों में डेंगू के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जलभराव रोकने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मई माह से अब तक 49,772 घरों में सोर्स रिडक्शन अभियान चलाया गया तथा 2,87,449 लोगों तक पहुंच बनाई गई। 2,146 लोगों की जांच में सभी रिपोर्टें डेंगू निगेटिव पाई गई हैं।
