औषधि विभाग की कार्रवाई, एक फर्म के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति

टिहरी गढ़वाल। औषधियों की सुरक्षित एवं नियमानुसार बिक्री सुनिश्चित करने के लिए औषधि विभाग ने विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी और औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने नंदगांव, पिपलडाली और राजाखेत क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान लाइसेंस शर्तों, औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, भंडारण व्यवस्था और सीसीटीवी रिकॉर्ड की जांच की गई। कुछ फर्मों में नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। गंभीर अनियमितताओं के चलते एक फर्म के लाइसेंस को निलंबन/निरस्तीकरण के लिए संस्तुत किया गया, जबकि दो फर्मों का औषधि कारोबार तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया।
