हर सोमवार होगा ‘समाधान दिवस’, शिकायतों की होगी ऑनलाइन ट्रैकिंग: डीएम

देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए अब प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार ‘समाधान दिवस’ के रूप में संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि सभी शिकायतों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, जिससे उनकी नियमित मॉनिटरिंग, ट्रैकिंग और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित पहले समाधान दिवस में 132 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश भूमि विवादों से संबंधित थीं। भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर एक उच्च स्तरीय विशेष सेल गठित करने के निर्देश दिए। यह सेल सीमांकन, अतिक्रमण, कब्जा, किरायेदारी और अन्य राजस्व मामलों का फास्ट ट्रैक मोड में निस्तारण करेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने दूरस्थ क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का डेटा तैयार कर उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को समय रहते सुरक्षित अस्पतालों में भर्ती कराने तथा अस्पतालों में टोकन व्यवस्था लागू करने को कहा गया।
समाधान दिवस में आए कई संवेदनशील मामलों पर भी जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। 89 वर्षीय पूर्व सैनिक राधेश्याम की शिकायत पर पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा गया, जबकि अन्य भूमि और अतिक्रमण संबंधी मामलों में एसडीएम को आवश्यक निर्देश दिए गए। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को पीएम फसल बीमा योजना के तहत राहत दिलाने, आर्थिक सहायता के मामलों के समाधान तथा जनजातीय क्षेत्रों में ‘खुशियों की सवारी’ एंबुलेंस सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभागों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा।
