केदारनाथ यात्रा और मानसून तैयारियों की आयुक्त गढ़वाल ने की समीक्षा, विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

रूद्रप्रयाग। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सोमवार को रुद्रप्रयाग पहुंचकर श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं तथा आगामी मानसून सीजन में संभावित आपदाओं से निपटने के लिए की गई तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ यात्रा प्रबंधन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आपदा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रा शुरू होने के बाद अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा अवधि में एक लाख से अधिक यात्रियों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रा कंट्रोल रूम के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है तथा स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।
आयुक्त ने यात्रा मार्ग पर शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल उपलब्धता, सफाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सोलर लाइट और शटल सेवा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया ताकि यात्रा प्रबंधन और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
मानसून और संभावित आपदाओं को देखते हुए आयुक्त ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पर्याप्त राशन, ड्राई राशन और आवश्यक सामग्री पहले से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। मध्यमहेश्वर सहित संवेदनशील क्षेत्रों में आपदा न्यूनीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा उपयोग किए जा रहे शॉर्टकट रास्तों पर चिंता जताते हुए उन्होंने चेतावनी बोर्ड, साइनेज और बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, होल्डिंग क्षेत्रों में सुविधाओं की उपलब्धता तथा यात्रा से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं की रोकथाम पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों की निगरानी कर तत्काल तथ्यात्मक जानकारी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएं।
