देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन गया है ’’मन की बात’’: मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की बालिकाओं के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 134वें संस्करण को सुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक कहानियों को साझा कर, अन्य लोगों को भी जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर निरंतर दिए जा रहे संदेश, समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने किया छात्राओं से संवाद
मुख्यमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के उपरांत नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से कार्यक्रम के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया और उनके विचार जाने। मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक परिवर्तन बड़े बदलावों का आधार बनते हैं। आपके अच्छे प्रयासों और कार्यों से अन्य लोग भी प्रेरित होकर जुड़ते हैं तथा समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। उन्होंने कहा निष्ठा और समर्पण के साथ किए गए अच्छे कार्य दूसरे लोगों के लिए भी उदाहरण बनते हैं। इस अवसर पर विधायक महंत दलीप सिंह रावत भी मौजूद थे।
कैबिनेट मंत्री व महापौर ने सुनी मन की बात
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ’’‘मन की बात’’’ का प्रसारण रविवार को मध्य हरिद्वार मंडल के खन्ना नगर स्थित बूथ संख्या 159 पर सामूहिक रूप से सुना गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और महापौर किरण जैसल ने कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को जोड़ने वाला सशक्त संवाद मंच है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में जनभागीदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
