हरिद्वार जनपद को बड़ी सौगात: यहां से होकर गुजरेगा ग्रीनफील्ड हाईवे, 12 गांवों की भूमि चिन्हित, मिलेगा मोटा मुआवजा

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / जोगेंद्र मावी,
हरिद्वार। रिंग रोड के बाद हरिद्वार जनपद को फिर से एक हाईवे की सौगात मिली है। हाईवे रुड़की से होते हुए गुजरेगा। ग्रीनफील्ड हाईवे पानीपत से गोरखपुर (शामली-पुवायाँ फेज-1), जोकि रुड़की होते हुए लक्सर क्षेत्र से गुजरेगा इसके अंतर्गत किमी 20 से 32 किमी भूमि कवरेज प्रस्तावित है। हाईवे के लिए जिला प्रशासन ने लक्सर क्षेत्र के 12 ग्रामों में भूमि खरीद-फरोख्त व भूमि उपयोग परिवर्तन पर रोक लगा दी है। हाईवे के गुजरने से चिन्हित भूमि स्वामियों को मोटा मुआवजा मिलेगा। मुआवजा मिलने से जनपद हरिद्वार में अन्य भूमि महंगी हो जाएगी।
इन गावों की भूमि चिन्हित
तहसील लक्सर के 12 ग्रामों—मदारपुर, मिर्जापुर उर्फ मोहनवाला, पौडोवाली, टाडा जलालपुर, प्रहलादपुर, रघुनाथपुर उर्फ बालावाली, बालचन्दवाला, अलामपुर, हस्तमौली, शाहपुर, गिद्धावाली एवं कलसिया—में भूमि की खरीद-फरोख्त, रजिस्ट्री/बैनामा एवं भूमि की प्रकृति (कृषि से गैर-कृषि) में परिवर्तन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
एसएलओ ने ये बताया
विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी आकाश जोशी ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के आदेश के अनुपालन में तहसील लक्सर क्षेत्रान्तर्गत प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग (ग्रीनफील्ड हाईवे) परियोजना के दृष्टिगत महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), रुड़की द्वारा पानीपत से गोरखपुर ग्रीनफील्ड हाईवे (शामली-पुवायाँ फेज-1) के अंतर्गत कि0मी0 20.00 से 32.00 तक भूमि अर्जन प्रस्तावित है। इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम, 1956 की धारा-3ए के अंतर्गत कार्यवाही प्रस्तावित है। आकाश जोशी ने अवगत कराया है कि यह प्रतिबंध राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत धारा-3ए की कार्यवाही पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगा। साथ ही, संबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के अनाधिकृत निर्माण पर भी पूर्णतः रोक रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना कार्य सुचारु रूप से संपादित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!