गंगा में कूड़ा फेंकने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सभी घाटों पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। जिला गंगा संरक्षण समिति की 73वीं बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए किसी भी स्थिति में कूड़ा-कचरा नदी में नहीं जाने दिया जाए। उन्होंने घाटों पर निगरानी बढ़ाने और गंगा को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर निगम को सभी घाटों पर साइन बोर्ड लगाने तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। हरकी पैड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर भी सख्ती बरतने को कहा गया। साथ ही क्षतिग्रस्त घाटों की सूची तैयार कर मरम्मत कार्य कराने, पुलों पर सुरक्षा जालियां लगाने और जनपद में संचालित सभी सीवेज/सेप्टिक टैंकरों का अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना सत्यापन वाले टैंकरों के संचालन पर रोक लगाने और नालियों में सीवेज डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!