100 पेटी अवैध अंग्रेजी बियर के साथ तस्कर गिरफ्तार

टिहरी गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत नरेंद्रनगर पुलिस, सीआईयू और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 पेटी अवैध हरियाणा मार्का अंग्रेजी बियर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गुजराडा रोड पर चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन संख्या यूके-07-सीडी-3293 से अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब को यात्रा मार्ग के साथ धनोल्टी और कानाताल जैसे पर्यटन क्षेत्रों में अवैध रूप से खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने चालक अक्षय सिंह (28) को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
