नरेंद्रनगर नगर पालिका चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया जारी

टिहरी। नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बुधवार को तहसील नरेंद्रनगर पहुंचकर निर्वाचन तैयारियों और नामांकन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए अब तक 4 नामांकन पत्र तथा सदस्य पद के लिए 16 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। नामांकन प्रक्रिया के संचालन हेतु तहसील नरेंद्रनगर को रिटर्निंग ऑफिसर का मुख्य कार्यालय बनाया गया है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि नामांकन पत्र लेने और जमा करने की अंतिम तिथि 29 मई 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। अपर जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने को कहा ताकि प्रत्याशियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, रिटर्निंग अधिकारी (अध्यक्ष) डॉ. डी.के. शर्मा, सहायक आरओ सोमांश गुप्ता, रिटर्निंग अधिकारी (सदस्य) सचिन कुमार, सहायक आरओ कृतिका कुलश्री, तहसीलदार अयोध्या उनियाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
