आधुनिक कृषि यंत्रों ने बदली किसान बेनी सिंह की तकदीर

देहरादून। सहसपुर विकासखंड के ग्राम कैचीवाला निवासी प्रगतिशील किसान बेनी सिंह आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर क्षेत्र में प्रेरणा का उदाहरण बन गए हैं। लगभग 40 बीघा भूमि पर खेती करने वाले बेनी सिंह ने कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाया है।
कृषि विभाग की “सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन” योजना के तहत उन्हें रीपर कम बाइन्डर मशीन पर 2.57 लाख रुपये का अनुदान मिला। वहीं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत उन्नत किस्म के गेहूं बीज भी उपलब्ध कराए गए। वैज्ञानिक पद्धति से खेती और आधुनिक मशीनों के उपयोग से उनकी फसल का उत्पादन बेहतर हुआ।
बेनी सिंह ने बताया कि पहले फसल कटाई में 6-7 दिन और लगभग 1300 रुपये प्रति बीघा खर्च होता था, जबकि अब मशीन की मदद से यही कार्य एक दिन में पूरा हो जाता है। इससे लागत कम हुई और समय की बचत हुई।
उन्होंने अपनी मशीन से अन्य किसानों की करीब 120 बीघा फसल की कटाई भी की, जिससे उन्हें लगभग 1.08 लाख रुपये की अतिरिक्त आय हुई। उनकी सफलता अब क्षेत्र के अन्य किसानों को भी यंत्रीकृत खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।
