ईद-उल-जुहा पर दून पुलिस के सुरक्षा प्रबंध, नगर क्षेत्र 5 जोन में विभाजित


देहरादून। ईद-उल-जुहा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दून पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे नगर क्षेत्र को 5 जोन, 11 सेक्टर और 35 सब सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में पुलिस उपाधीक्षक, सेक्टर में निरीक्षक/थानाध्यक्ष और सब सेक्टरों में उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में सर्वधर्म के लोगों के साथ बैठक कर पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही मुस्लिम समुदाय से निर्धारित स्थलों पर ही कुर्बानी देने और सड़क पर नमाज न पढ़ने का अनुरोध किया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक सूचनाएं फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

ईद-उल-जुहा पर देहरादून में यातायात प्लान जारी

देहरादून। ईद-उल-जुहा पर्व के अवसर पर 28 मई 2026 को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए देहरादून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। यह डायवर्जन सुबह 6 बजे से 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। घंटाघर से बिंदाल जाने वाले यातायात को राजपुर रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि दर्शनलाल चौक और तहसील चौक से आने वाले वाहन दिलाराम चौक होकर कैंट मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। राजपुर रोड से बिंदाल जाने वाले वाहनों को घंटाघर से दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा। नमाजियों को घंटाघर से बिंदाल मार्ग पर जाने की अनुमति रहेगी। यातायात व्यवस्था के लिए घंटाघर, बिंदाल, यमुना कॉलोनी, धर्मपुर चौक और चंद्रबनी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!