टप्पेबाजी करने वाले तीन शातिर आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

पौड़ी। जनपद के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा घाट पर श्रद्धालु की कार से नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी, घड़ियां और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
23 मई 2026 को फरीदाबाद निवासी नरेंद्र पुनिया ने कोतवाली लक्ष्मणझूला में शिकायत दर्ज कराई थी कि गीता भवन के सामने स्नान के दौरान उनकी कार से लगभग 60दृ65 हजार रुपये, आरसी, आधार कार्ड, बैंक कार्ड और अन्य दस्तावेज चोरी हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच की। इसके बाद 25 मई 2026 को चौरासी कुटिया के पास से आरोपियों अश्विन बाबूराव कछवाय, विशाल रणवीर चौहान और चेतन बाबूराव कछवाय को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
