ग्रामोत्थान रीप परियोजना की गतिविधियों का आईएफएडी कंट्री डायरेक्टर ने किया निरीक्षण
विकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। ग्रामोत्थान रीप परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न आजीविका और महिला सशक्तिकरण गतिविधियों का निरीक्षण करने पहुंचे आईएफएडी के कंट्री डायरेक्टर जेम्स मार्क शिल्ड ने परियोजना के कार्यों की सराहना की। उनके साथ परियोजना निदेशक सुश्री झरना कामठन, आईएफएडी की जनरल सलाहकार निशिधा, टीम लीडर आलोक जैन तथा कृषि विशेषज्ञ रविंद्र कुकरेती भी मौजूद रहे। टीम का स्वागत जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सक्सेना ने किया।
महिलाओं द्वारा संचालित इकाइयों का किया अवलोकन
टीम ने सबसे पहले विकासखंड बहादराबाद में रीप परियोजना के तहत संचालित “वेस्ट फ्लावर मैनेजमेंट्स” इकाई का निरीक्षण किया। यहां मंदिरों से एकत्रित फूलों का प्रसंस्करण कर विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। कंट्री डायरेक्टर ने महिलाओं द्वारा मशीन संचालन, उत्पादन और पैकेजिंग कार्य का अवलोकन किया तथा महिलाओं से संवाद कर आय सृजन और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण, रोजगार और महिला आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय बताया।
स्थानीय उत्पादों और ‘मीठी गंगा’ मॉडल की सराहना
निरीक्षण के दौरान टीम ने तेल, मसाले और मल्टीग्रेन आटा जैसे पारंपरिक उत्पादों के निर्माण कार्यों को भी देखा। परियोजना से जुड़ी सहकारिताओं को तकनीकी प्रशिक्षण और कच्चे माल की आपूर्ति भी की जा रही है। इसके अलावा “मीठी गंगा” परियोजना के तहत शहद उत्पादन, प्रसंस्करण और पैकेजिंग इकाई का निरीक्षण किया गया। कंट्री डायरेक्टर ने शहद विपणन मॉडल और महिला सहभागिता की विशेष सराहना करते हुए इसे अभिनव पहल बताया।
मुख्य विकास अधिकारी से हुई विस्तृत चर्चा
भ्रमण के दौरान टीम ने मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र से बैठक कर परियोजना के अनुभवों और नवाचारों पर चर्चा की। अधिकारियों ने “हाउस ऑफ हिमालय” का भी भ्रमण किया। जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सक्सेना के नेतृत्व में आयोजित यह दौरा महिला उद्यमिता और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!