पर्यावरण मित्रों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण अभियान शुरू

श्रीनगर गढ़वाल। वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान शोध संस्थान एवं हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल में पर्यावरण मित्रों और स्वच्छता कर्मियों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण अभियान शुरू किया गया। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के पहले दिन 103 से अधिक कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान टेटनिस एवं हेपेटाइटिस वैक्सीनेशन, चेस्ट एक्स-रे और ब्लड जांच सहित विभिन्न चिकित्सकीय परीक्षण निःशुल्क किए गए। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर विशेष व्याख्यान भी आयोजित किया गया। अस्पताल प्रशासन ने इसे कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
