चेन स्नैचिंग का खुलासा, बाबरिया गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार

पौड़ी। कोटद्वार में महिला से सोने की चेन चोरी की घटना का पौड़ी पुलिस ने खुलासा करते हुए बाबरिया गैंग से जुड़े दो आरोपियों को हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य आरोपी के खिलाफ लूट और चेन स्नैचिंग के कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि एक महिला आरोपी अभी फरार है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 19 मई को पानीपत से आरोपी राजेन्द्र उर्फ नरेश और मुस्कान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कोटद्वार में महिला की चेन चोरी कर उसे पानीपत में करीब 80 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस ने आरोपियों से नकदी और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। मामले में फरार आरोपी बबीता की तलाश जारी है।
