केदारनाथ मार्ग पर भूस्खलन के बाद चला रेस्क्यू अभियान, श्रद्धालु सुरक्षित

रूद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान 19 मई तक 6 लाख 94 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इसी बीच 19 मई की रात हुई तेज बारिश के कारण सोनप्रयागदृगौरीकुंड मार्ग पर तीन स्थानों पर भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग बाधित हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस एवं राहत दल तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की और अधिकारियों को मार्ग जल्द सुचारु करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक टीमों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 30 मिनट में मार्ग को पैदल यात्रियों के लिए आंशिक रूप से खोल दिया तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।
रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद जेसीबी मशीनों से मलबा हटाकर मार्ग पूरी तरह बहाल कर दिया गया। वर्तमान में यात्रा मार्ग पर आवागमन सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
