लाइसेंसधारी केमिस्ट्स एवं कर्मचारियों के हितों की रक्षा की उठाई मांग

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / जोगेंद्र मावी,
हरिद्वार। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर देशभर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स द्वारा अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री तथा जन स्वास्थ्य एवं लाखों छोटे केमिस्ट्स के अस्तित्व से जुड़े गंभीर मुद्दों के विरोध में राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
AIOCD एवं उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ के आह्वान पर हरिद्वार जिले के सभी केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को सर्वसम्मति से समर्थन प्रदान किया। हड़ताल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन भेजा गया, जिसमें सरकार का ध्यान निम्नलिखित अत्यंत गंभीर मुद्दों की ओर आकर्षित किया गया:
1. दवाओं की अवैध एवं अनियमित ऑनलाइन बिक्री।
2. बिना वैध एवं सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री एवं होम डिलीवरी।
3. ऑनलाइन दवा प्लेटफॉर्म्स द्वारा अत्यधिक छूट (Deep Discounting) की अनुचित नीति, जिससे छोटे एवं लाइसेंसधारी केमिस्ट्स गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि GSR 817(E) एवं GSR 220(E) को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, जिनका दुरुपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स एवं क्विक कॉमर्स ऑपरेटर्स द्वारा दवाओं की अनियंत्रित डिलीवरी के लिए किया जा रहा है।
डिस्ट्रिक्ट हरिद्वार केमिस्ट्स एण्ड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गर्ग ने बताया कि केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं तथा उचित सत्यापन के बिना उनकी अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री जन स्वास्थ्य, मरीजों की सुरक्षा एवं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के अंतर्गत स्थापित नियामकीय व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर रही है।
फार्मास्यूटिकल व्यापार से जुड़े प्रतिनिधियों ने यह भी दोहराया कि कोविड महामारी के दौरान देशभर के केमिस्ट्स ने फ्रंटलाइन हेल्थकेयर सपोर्ट प्रदाताओं के रूप में निरंतर सेवाएं देते हुए आमजन तक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की थी। इसके बावजूद अवैध ऑनलाइन गतिविधियों के संबंध में बार-बार ज्ञापन एवं प्रमाण प्रस्तुत करने के बाद भी संबंधित प्राधिकरणों द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
महामंत्री संजय गोयल ने कहा कि केमिस्ट समुदाय ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि मरीजों की सुरक्षा, जन स्वास्थ्य एवं लाखों छोटे लाइसेंसधारी केमिस्ट्स एवं उनके कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु तत्काल प्रभावी एवं सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
जिले / राज्य में आयोजित यह हड़ताल शांतिपूर्ण रही तथा इसे केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट समुदाय का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ।
एसोसिएशन द्वारा जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक एवं आपातकालीन दवाएं उपलब्ध कराकर मानवीय दायित्व का भी निर्वहन किया गया।
हड़ताल के दौरान शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से अमित गर्ग, अजय गर्ग, अनिल अरोड़ा, अतुल जैन, अनिल झाम्ब, सत्येंद्र चौधरी, पंकज गोयल, संदीप शर्मा, अवनीश शर्मा, अमित आज़ाद, महिपाल सैनी, मुकेश अग्रवाल, ओमपाल सिंह भाटी, राजीव पाराशर, रोबिन ग्रोवर, नितिन गुप्ता, मनोज कुमार सिह, रवीन्द्र कुमार, हरीश कुमार, अनिल कुमार, मांगेराम पवार, रजत राजपूत, अश्वनी चौहान, राजेश अरोड़ा, अम्बर गोयल, नवीन कुमार, सुरेश गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, विक्रम विरमाणी, पंकज सपरा, आशीष तिवारी, दिनेश अरोड़ा, राजू अरोड़ा, धीरज अरोड़ा, मन्नू भारद्वाज, अनुपम शर्मा, अखिलेश शर्मा, विभोर मिश्रा, हेमंत सेमवाल, शुभम हीरचंदानी, जयपाल चौहान, सागर अरोड़ा, सचिन सकलानी, सचिन जेटली, अवधेश कुमार, अनुज चाँदना, विनय गुलाटी, नफीस अंसारी, संजय सैनी, आदर्श चौहान, बृजेश कुमार, नवीन सिंह, शुभम गुप्ता, नरेंद्र सचदेवा, सुशील सचदेवा, सुरेश भट्ट, आदेश शर्मा, प्रमोद त्यागी, अतुल वर्मा आदि केमिस्ट बंधु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!