ऑपरेशन प्रहार के तहत 3 और उपद्रवी गिरफ्तार

देहरादून। सेलाकुई क्षेत्र में डिक्सन फैक्ट्री में श्रमिकों के प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी और उपद्रव के मामले में दून पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस ने श्रमिकों की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और फैक्ट्री जाने वाले कर्मचारियों को रोकने, मारपीट व उकसावे की गतिविधियों में शामिल 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में हुई पत्थरबाजी की घटना में भी शामिल रहे हैं। इन्हें ’ऑपरेशन प्रहार’ के तहत धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया गया। सेलाकुई क्षेत्र से अब तक कुल 16 उपद्रवियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
