कुंभ मेला 2027: श्रद्धालुओं को मिलेंगी अत्याधुनिक और निर्बाध संचार सुविधाएं

हरिद्वार। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेला प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। 14 जनवरी से 20 अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन के लिए दूरसंचार विभाग और प्रमुख मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ मिलकर विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को निर्बाध संचार सेवाएं मिल सकें।
मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कुंभ क्षेत्र में नेटवर्क क्षमता बढ़ाने, स्थायी मोबाइल टावरों के विस्तार और अस्थायी टावर लगाने की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और दूरस्थ स्थानों पर नेटवर्क समस्या से बचने के लिए बड़ी संख्या में ’सेल ऑन व्हील’ और ’स्मॉल सेल’ टावर स्थापित किए जाएंगे। स्मॉल सेल उपकरण लगभग 200 मीटर के दायरे में मजबूत मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रदान करने में सक्षम होंगे।
मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कुंभ नगरी के सभी सेक्टरों का बेसलाइन डेटा और संभावित भीड़ का आंकलन एक सप्ताह के भीतर दूरसंचार विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उसी आधार पर विस्तृत संचार योजना तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि पूर्व के कुंभ मेलों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार संचार व्यवस्थाओं को अधिक आधुनिक, व्यवस्थित और मजबूत बनाया जाएगा।
बैठक में दूरसंचार विभाग के अपर महानिदेशक अमित रावत ने बताया कि संयुक्त निरीक्षण और उपलब्ध कराए गए डेटा के आधार पर 10 जून तक विस्तृत दूरसंचार योजना तैयार कर प्रस्तुत कर दी जाएगी। योजना के तहत स्थायी मोबाइल टावरों का उन्नयन, अतिरिक्त अस्थायी टावरों की स्थापना और तकनीकी संसाधनों का विस्तार किया जाएगा।
मेला प्रशासन ने कहा कि बेहतर संचार सुविधाएं न केवल श्रद्धालुओं को आपसी संपर्क में मदद करेंगी, बल्कि आपदा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय को भी मजबूत बनाएंगी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ) आयुष अग्रवाल, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, बीएसएनएल, रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
