देहरादून में “चंद्रप्रभा का अटूट संकल्प” नाटक का मंचन आज

देहरादून। प्रतिष्ठित नाट्य संस्था मेघदूत द्वारा नगर निगम प्रेक्षागृह (टाउन हॉल) देहरादून में रविवार 17 मई को नारी प्रधान नाटक “चंद्रप्रभा का अटूट संकल्प” का मंचन किया जाएगा। यह प्रस्तुति सायं 6ः30 बजे से होगी और प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
प्रसिद्ध रंगकर्मी एस.पी. ममगाईं द्वारा लिखित एवं निर्देशित यह नाटक पहाड़ की नारी के संघर्ष, साहस और आत्मबल की प्रेरणादायक गाथा पर आधारित है। कहानी एक शहीद कैप्टन की पत्नी के संघर्ष को दर्शाती है, जो कठिन परिस्थितियों में अपनी तीन बेटियों को उच्च शिक्षा देकर उन्हें समाज में स्थापित करती है। नाटक में नारी शक्ति, मातृत्व और धैर्य की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। एस.पी. ममगाईं ने इसे तीन माह के गहन परिश्रम से तैयार किया है। वे ऐतिहासिक, पौराणिक और सामाजिक विषयों पर आधारित मंचन के लिए जाने जाते हैं। मेघदूत संस्था ने कला प्रेमियों से इस नाट्य प्रस्तुति का साक्षी बनने की अपील की है। यह मंचन नारी सशक्तिकरण और प्रेरणादायक जीवन मूल्यों का संदेश देगा।
